गणपति विसर्जन के दौरान ब्यास नदी में दो युवक डूब गए, एक की मौत,दूसरा लापता

हमीरपुर,

हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में पुलिस थाना नादौन के तहत मंगलवार को गणपति विसर्जन के दौरान ब्यास नदी में दो युवक डूब गए। जिसमें एक की मौत हो गई है।
पुलिस थाना नादौन के तहत पताजी पत्तन गांव में गणपति विसर्जन के दौरान ब्यास नदी में बहे युवक को तलाश करने के लिए हाथ में रस्सी बांधकर कूदे तैराक की मौत हो गई है। हमीरपुर के नाल्टी गांव से मंगलवार को लोग गणपति विसर्जन करने आए थे। वहीं, बह गए युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया।
जब मूर्ति विसर्जन किया जा रहा था तो विनय कुमार पुत्र देशराज गांव पटयाहू नाल्टी ने नदी में छलांग लगाई तो वह पानी में डूब गया। आसपास खड़े लोगों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया और घटना की सूचना तुरंत नादौन पुलिस को दी। सब इंस्पेक्टर अंदेश कुमार की अगुवाई में पुलिस की टीम ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान साथ लगते गांव चोआ चकराला के तैराक सोनी ठाकुर पुत्र सीताराम ने लोहे का जंगला लेकर पानी में डूबे युवक की तलाश के लिए छलांग लगाई। उसने जंगले की रस्सी अपनी बाजू से बांधी थी। जंगला पानी के अंदर कहीं पत्थर में फंस गया और व्यक्ति बाजू में बंधी रस्सी की गांठ नहीं निकाल पाया। इससे वह भी नीचे ही फंस गया।
जब सोनी ठाकुर को पानी में काफी देर हो गई तो अन्य लोगों ने पानी में छलांग लगाकर उसकी बाजू से बंधी रस्सी काटकर उसे बाहर निकाला और तुरंत नादौन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनी धौलासिद्ध प्रोजेक्ट में काम करता था। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बच्चियां छोड़ गया है। वहीँ दूसरे बह गए युवक की गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम द्वारा तलाश जारी है।

वहीं एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने बताया कि नादौन थाना के अंतर्गत चौडू के पास गणपति विसर्जन के दौरान दो युवक नदी में डूब गए हैं। जिसमें एक युवक का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। जबकि दूसरे युवक को नदी में गोताखोरों और एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम द्वारा खोजा जा रहा है। उन्होंने कहा की उम्मीद है कि जल्दी ही दूसरा शव टीम द्वारा ढूंढ लिया जाएगा।

 

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।