5 माह की बच्ची का पीजीआई में हुआ मुफ्त ऑपरेशन

हमीरपुर।

प्रसूता महिला और उसके शिशु के जीवन की रक्षा के लिए आरंभ किया गया जननी-शिशु सुरक्षा कार्यक्रम कई महिलाओं तथा उनके शिशुओं के लिए जीवनदायी साबित हो रहा है। विशेषकर, कुछ गंभीर एवं दुर्लभ समस्याओं के साथ जन्म लेने वाले शिशुओं तथा उनके माता-पिता के लिए यह योजना एक वरदान साबित हो रही है। क्योंकि, इस योजना के तहत शिशु का बड़े से बड़ा इलाज या ऑपरेशन भी निशुल्क किया जाता है।
इसी वर्ष 11 जुलाई को तहसील हमीरपुर के गांव रहजोल में रजनीश कुमार के घर में जन्म लेने वाली बच्ची आराध्या राणा के लिए भी जननी-शिशु सुरक्षा कार्यक्रम जीवनदायी साबित हुआ है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि जन्म के समय ही इस बच्ची के दिल में एक समस्या थी। इसके दिल में मामूली छेद था, जोकि ऑपरेशन से पूरी तरह ठीक हो जाता है। यह ऑपरेशन काफी महंगा होता है। लेकिन, जननी-शिशु सुरक्षा कार्यक्रम में एक साल तक के बच्चे का महंगे से महंगा इलाज या ऑपरेशन बिलकुल मुफ्त किया जाता है। 11 जुलाई को जन्मीं आराध्या राणा को भी इस योजना से लाभान्वित करने के लिए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने सभी औपचारिकताएं पूर्ण करवाईं और इस बच्ची को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल हमीरपुर से पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रैफर करवाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस बच्ची का ऑपरेशन बिलकुल निशुल्क किया गया है और वह पूरी तरह ठीक है। उन्होंने बताया कि अगर किसी बच्चे को जन्म के बाद एक साल तक की आयु के दौरान स्वास्थ्य से संबंधित किसी भी तरह की समस्या आती है तो जननी-शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत उसका इलाज और बड़े से बड़ा ऑपरेशन भी निशुल्क किया जाता है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।