27वीं राज्य स्तरीय अंतर बहुतकनीकी एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 7 से

हमीरपुर ।

बहुतकनीकी महाविद्यालयों की 27वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 7 से 9 अप्रैल तक बड़ू स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित की जा रही है। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी 7 अप्रैल को सुबह 10 बजे इस प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे।
राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 17 बहुतकनीकी महाविद्यालयों के लगभग 668 विद्यार्थी भाग लेंगे, जिनमें 245 छात्राएं और 423 छात्र शामिल हैं। इनके अतिरिक्त विभिन्न संस्थानों से 51 टीम प्रभारी भी उपस्थित रहेंगे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्र वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500 और 5000 मीटर की दौड़ स्पर्धाएं, चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ तथा चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़, हाई जंप, लॉंग जंप, डिस्कस थ्रो, जैवलियन थ्रो और शॉट पुट स्पर्धा होगी। छात्राओं के वर्ग में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉंग जंप, डिस्कस थ्रो, जैवलियन थ्रो और शॉट पुट स्पर्धा होगी। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में एकल पहाड़ी लोकगीत, गज़ल-गीत, समूह गान और लोकनृत्य की स्पर्धाएं करवाई जाएंगी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 11 उपसमितियों का गठन किया गया है। बाहर से आने वाले प्रतिभागियों एवं टीम प्रभारियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रतिभागियों को अपनी खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा तथा आपसी सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देगा।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।