25 जुलाई को गौतम नर्सिंग कॉलेज में होगा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ जिला स्तरीय आयोजन

हमीरपुर,

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित राष्ट्रीय अभियान “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” के तहत 25 जुलाई 2026 को *गौतम नर्सिंग कॉलेज, हमीरपुर* में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा।
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा विकसित भारत @2047 के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। बढ़ते नशे की समस्या को देखते हुए MY Bharat देशभर में युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें *भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन, कविता लेखन, स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग, क्विज़ तथा शॉर्ट वीडियो* प्रतियोगिता शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के युवा प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और नशा मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास करेंगे!
जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हमीरपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इस बहु-स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना है।
हमीरपुर जिले के इच्छुक युवा प्रतिभागी MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर इस प्रतियोगिता के लिए आवेदन भी कर सकते हैं।
जिला युवा अधिकारी, दीपमाला मेरा युवा भारत, हमीरपुर ने सभी चयनित प्रतिभागियों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने का आग्रह किया है। उन्होंने जिले के युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशा मुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने की अपील की है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।