25 को बचत भवन में मनाया जाएगा मतदाता दिवस समारोह : गंधर्वा राठौड़

हमीरपुर ।

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का जिला स्तरीय समारोह 25 जनवरी को बचत भवन में आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने सोमवार को निर्वाचन विभाग, अन्य विभागों तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करके जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। आयोग की स्थापना की हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य पर वर्ष 2011 में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने की परंपरा आरंभ की गई थी। इस बार 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के लिए निर्वाचन आयोग ने ‘माई इंडिया, माई वोट-सिटीजन एट द हर्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी’ थीम निर्धारित किया है।
उपायुक्त ने निर्वाचन विभाग और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों को जिला स्तरीय समारोह के लिए इसी थीम पर आधारित मतदाता जागरुकता कार्यक्रम तैयार करने और समारोह में अधिक से अधिक युवा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समारोह में मतदाताओं को शपथ भी दिलाई जाएगी तथा नए मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे। गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि जिला के अलावा उपमंडल स्तर और प्रत्येक बूथ स्तर पर भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा।
बैठक में निर्वाचन विभाग के नायब तहसीलदार किशोरी लाल ठाकुर ने जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं अन्य प्रतिनिधियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।