15 से शुरू होगी प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं और हल्दी की खरीद

हमीरपुर ।

प्राकृतिक खेती से तैयार विभिन्न फसलों के लिए प्रदेश सरकार ने अलग से न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किए हैं, जिससे किसानों की आय में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है। इसी क्रम में जिला हमीरपुर में भी 15 मई से गेहूं और हल्दी की खरीद शुरू की जा रही है। गेहूं की खरीद हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा कृषि विभाग की आतमा परियोजना के सहयोग से की जा रही है।
आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक डॉ. नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहंू का खरीद मूल्य 60 रुपये प्रति किलोग्राम और भाड़ा उपदान 2 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से निर्धारित किया है। किसान अधिकतम 20 क्विंटल तक उत्पाद बेच सकता है।
इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी का खरीद मूल्य 90 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया है। डॉ. नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि इच्छुक किसान गेहूं को सही ढंग से सूखाकर और साफ करके 15 से 25 मई तक प्रतिदिन प्रातः 10 से सायं 4 बजे तक पक्का भरो में स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम में बेच सकते हैं।
परियोजना निदेशक ने बताया कि इन फसलों की बिक्री के संबंध में अधिक जानकारी के लिए खंड तकनीकी प्रबंधक (बी.टी.एम.) और सहायक तकनीकी प्रबंधक (ए.टी.एम.) या विषयवाद विशेषज्ञ (एस.एम.एस.) से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने जिला के किसानों से इस खरीद कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।