हमीरपुर में कुछ महीनों में ही पूर्ण की 648 जमाबंदी की प्रक्रिया : अभिषेक गर्ग
राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए गए हैं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश
वर्ष 2024-25 तक के अधिकांश रिकॉर्ड की अपडेशन के साथ कर दिया गया है ऑनलाइन

हमीरपुर 24 सितंबर। राजस्व रिकॉर्ड को अपडेट एवं ऑनलाइन करने तथा आम लोगों के राजस्व संबंधी कार्यों को तत्परता के साथ पूर्ण करने के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों का हमीरपुर जिला में काफी अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
बीते दिन राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक के दौरान राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि जिला में कुछ महीनों के दौरान ही लगभग 648 जमाबंदियों की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 तक की 568 और 2025-26 की भी 77 जमाबंदियां तैयार कर ली गई हैं। अब वर्ष 2024-25 की सिर्फ 53 जमाबंदियां ही शेष हैं। यानि वर्ष 2024-25 तक का अधिकांश राजस्व रिकॉर्ड अपडेट कर दिया गया है और यह आम लोगांे को ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिया गया है। शेष कार्य को भी दो माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
एडीसी ने बताया कि जिला के सभी राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को राजस्व संबंधी मामलों को प्राथमिकता एवं तत्परता के साथ निपटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। सभी प्रक्रियाओं को अपडेट एवं ऑनलाइन किया गया है, जिससे आम लोगों को राजस्व विभाग के कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आम लोगों को उनकी जमीन का रिकॉर्ड तुरंत ऑनलाइन उपलब्ध होने से विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वर्कलोड भी कम होगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।