09 नवंबर को सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा आयोजित महिला सम्मान समारोह की तैयारियां गर्मजोशी पर :अभिषेक राणा

हमीरपुर,
सुजानपुर क्षेत्र में आने वाली 9 नवंबर को “महिला सम्मान समारोह” बेहद ऐतिहासिक और यादगार होने जा रहा है। सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा सराहकड पंचायत के भरेटा में आयोजित किए जा रहे इस समारोह को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां पूरे चरम पर हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा स्वयं स्थल पर जाकर हर तैयारी और प्रबंध की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। वहीं ट्रस्ट के संस्थापक और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा का निरंतर मार्गदर्शन इस कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न टीमों का गठन कर दिया है और स्वयंसेवकों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं। इसी के साथ इलाके में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। विशेषकर महिलाओं में इस समारोह को लेकर जबरदस्त जिज्ञासा और उत्सुकता देखने को मिल रही है।

इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष श्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। वह इस मौके पर ट्रस्ट द्वारा चयनित उन 40 से अधिक महिलाओं को सम्मानित करेंगे जिन्होंने न केवल अपने क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण को समाज के स्तर पर साकार रूप दिया है।

सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट इससे पहले भी महिला सशक्तिकरण को समर्पित कई कार्यक्रम आयोजित कर चुका है, लेकिन इस बार समारोह की थीम विशेष रूप से मातृशक्ति को नमन करते हुए तय की गई है। साथ ही ट्रस्ट सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी बड़ा योगदान देता रहा है। समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले मेगा मेडिकल कैंपों के माध्यम से नामी डॉक्टरों की निशुल्क सेवाएं हजारों लोगों तक पहुंचाना इस ट्रस्ट की सबसे बड़ी पहचान रहा है।

इन सबके बीच 9 नवंबर को होने जा रहा यह “महिला सम्मान समारोह” अब सुजानपुर के सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल का केंद्र बिंदु बन गया है। पूरे क्षेत्र में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह और इंतज़ार दोनों चरम स्तर पर हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।