हैप्स की छह छात्राएं राज्य स्तरीय खेलों में दिखाएंगी दमखम

हमीरपुर,

जीएसएसएस (GSSS) अमरोह में आयोजित अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में
हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, हीरानगर, हमीरपुर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए
विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की प्रतिभावान छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में
उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी और कई खेलों में राज्य स्तर के लिए अपनी जगह
पक्की की है। प्रतियोगिता के परिणामों पर नज़र डालें तो, योगा (रिदमिक पेयर) में सोनाक्षी और
सिया ने कांस्य पदक जीता। कराटे में अक्षरा शर्मा ने स्वर्ण, देवांशी जाट, आरुषि ठाकुर, एंजेलिका
सोनी और तनुप्रिया शर्मा ने रजत तथा रितिका चौहान व तंजिन नोरज़ोम ने कांस्य पदक हासिल
किया। शतरंज में आराध्या शर्मा ने स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा जमाया। तायक्वांडो में तनुप्रिया शर्मा ने
स्वर्ण, रितिका चौहान व सानवी राणा ने रजत, तथा अक्षरा चौहान, सौम्या वर्मा, तंजिन नोरज़ोम
और एंजेलिका सोनी ने कांस्य पदक जीता। कुश्ती में दक्षिता शर्मा ने स्वर्ण और दीया पुरी ने कांस्य
पदक अपने नाम किया। वेटलिफ्टिंग में दक्षिता शर्मा ने स्वर्ण और तनुप्रिया शर्मा ने रजत पदक
प्राप्त किया, जबकि वुशु प्रतियोगिता में आरुषि ठाकुर और कनिष्ठा परिहार ने स्वर्ण पदक जीतकर
विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इन शानदार उपलब्धियों के आधार पर अक्षरा शर्मा (कराटे),
आराध्या शर्मा (शतरंज), तनुप्रिया शर्मा (तायक्वांडो), दक्षिता शर्मा (कुश्ती और वेटलिफ्टिंग), तथा
आरुषि ठाकुर व कनिष्ठा परिहार (वुशु) का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए
हुआ है। छात्राओं की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे विद्यालय के शारीरिक शिक्षकों सुनील,
राकेश, जितेंद्र, रेणु और उषा का कुशल मार्गदर्शन व अथक प्रयास रहा। इस खुशी के अवसर पर
विद्यालय प्रांगण में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानाचार्या
शशि बाला के साथ-साथ विद्यालय के समन्वयकों ने भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर सभी
विजेता छात्राओं को सम्मानित किया। प्रधानाचार्या और समन्वयकों ने संयुक्त रूप से छात्राओं को
पुरस्कार प्रदान किए, उन्हें इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी और आगामी राज्य
स्तरीय मुकाबलों के लिए अपना आशीर्वाद व शुभकामनाएँ दीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।