हमीरपुर ,
हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में कक्षा छठी से आठवीं के विद्यार्थियों द्वारा भाषा प्रदर्शनी
का भव्य आयोज न किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर रचनात्मकता, भाषाई ज्ञान और
साहित्यिक सौंदर्य से सराबोर हो उठा। प्रदर्शनी में हिंदी, संस्कृत और अंग्रेज़ी भाषाओं की विविधता और
महिमा को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
विद्यार्थियों ने अपने उत्साह और प्रतिभा का परिचय देते हुए सुंदर चार्ट, प्रेरणादायक जीवनी पोस्टर,
रचनात्मक मॉडल तथा भावपूर्ण स्वरचित कविताएँ प्रस्तुत कीं। प्रदर्शनी के प्रत्येक कोने में भाषाई कला
की झलक देखने को मिली। अंग्रेज़ी व्याकरण को रोचक गतिविधियों के माध्यम से समझाया गया, हिंदी
के मुहावरों को सजीव चित्रों के साथ प्रदर्शित किया गया और संस्कृत श्लोकों के सरल अर्थों ने दर्शकों को
प्राचीन संस्कृति से जोड़ दिया। साथ ही तीनों भाषाओं में कहानियों की झलक ने प्रदर्शनी को और भी
समृद्ध बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्या इंजीनियर श्रीमती नैना लखनपाल ने किया। इस अवसर
पर समन्वयिका श्रीमती कंचन लखनपाल, श्रीमती विनिता गुप्ता और श्रीमती मनीषा मारवाह विशेष रूप
से उपस्थित रहीं। प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए
कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में न केवल भाषाई दक्षता को बढ़ाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास,
सांस्कृतिक समझ और टीमवर्क की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
इस प्रदर्शनी को सफल बनाने में हिंदी, अंग्रेज़ी और संस्कृत विभाग के अध्यापकों का विशेष योगदान
रहा। अभिभावकों, विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने प्रदर्शनी को बेहद सराहा और बच्चों की
रचनात्मकता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
भाषा प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों के भीतर साहित्य और भाषा के प्रति प्रेम, सृजनशीलता और भाषाई विरासत
के संरक्षण की भावना का संचार किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में
विद्यालय का एक सफल और प्रेरणादायक प्रयास सिद्ध हुआ।
Author: Himachal Samvaad








