हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर हमीरपुर में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

हमीरपुर ,

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 को सफल बनाने के उद्देश्य से हिम
अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर, हमीरपुर में नगर निगम हमीरपुर के सहयोग से एक जागरूकता
कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, साफ-सफाई, कचरा
प्रबंधन तथा नागरिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री
राम प्रसाद, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर (एच.ए.एस.) को विशेष रूप से ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’
सम्मान प्रदान किया गया। इनके साथ ही श्री अंकित शर्मा (एसoबीo एमo जिला समन्वयक), श्री राकेश
कुमार (सिटी मिशन मैनेजर, एनo यूo एलo एमo योजना) तथा श्री अश्वनी कुमार (सहायक अभियंता,
सिविल एवं स्वच्छता सेवाएं) जी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक
इंजीनियर श्री पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या इंजीनियर श्रीमती नैना लखनपाल, अकादमिक प्रधानाचार्या
डॉ. हिमांशु शर्मा, उप-प्रधानाचार्य श्री अश्वनी कुमार, मुख्य अध्यापिका श्रीमती कंचन लखनपाल तथा
कार्यक्रम समन्वयिका श्रीमती मनीषा मारवाह की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने
विद्यार्थियों को स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य
अतिथि श्री राम प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि हर
नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कचरे के पृथक्करण, गीले व सूखे कचरे के सही निपटान
और स्वच्छ शहर निर्माण पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर श्री अंकित शर्मा (एसबीएम जिला
समन्वयक), श्री राकेश कुमार (सिटी मिशन मैनेजर, एनयूएलएम योजना) तथा श्री अश्वनी कुमार
(सहायक अभियंता, सिविल एवं स्वच्छता सेवाएं) ने भी विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियानों की जानकारी
दी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एक रोचक स्किट रही, जिसमें लाल, नीले व
हरे डस्टबिन के माध्यम से कचरे के सही वर्गीकरण को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसके
पश्चात ‘खरी कमाई’ एवं ‘काइंडनेस चैलेंज’ (SEVA कार्यक्रम) से जुड़ा संवादात्मक सत्र आयोजित किया
गया, जिसने छात्रों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और सुदृढ़ किया। समग्र रूप से यह कार्यक्रम
विद्यार्थियों के लिए शिक्षाप्रद, प्रेरणादायक एवं स्वच्छ भारत अभियान को सशक्त बनाने वाला सिद्ध
हुआ।