हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के विद्यार्थियों ने किया विद्यालय का नाम रोशन

हमीरपुर,

डाक विभाग द्वारा वर्ष 2025–26 के लिए शुरू की गई ‘दीन दयाल स्पर्श योजना’ (डाक टिकटों के माध्यम से शोध और रुचि बढ़ाने हेतु छात्रवृत्ति योजना) के अंतर्गत हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कक्षा 8 की ओजस्वी ठाकुर और कक्षा 7 के क्षितिज ठाकुर को फिलैटली (डाक टिकट संग्रह) विषय में गहरी रुचि और शोधात्मक कौशल के लिए ₹6000-₹6000 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत एवं लगन का श्रेष्ठ उदाहरण है। विद्यार्थियों ने फिलैटली को एक रचनात्मक और ज्ञानवर्धक शौक के रूप में अपनाकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी कि वे नए क्षेत्रों में अपनी रुचि एवं क्षमता को विकसित करें। विद्यालय प्रबंधन ने दोनों विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके प्रयासों का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के लिए गौरव का विषय भी है। प्रबंधन ने आशा व्यक्त की कि हिम अकादमी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।