हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकासनगर में तीन दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न

शिक्षण मानकों को सुदृढ़ बनाने और अध्यापन कार्य को बढ़ावा देने की दिशा में हिम अकादमी
पब्लिक स्कूल, विकासनगर ने 10 से 12 अगस्त 2025 तक तीन दिवसीय इन-हाउस शिक्षक
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यालय चेयरपर्सन प्रो० आर० सी०
लखनपाल, वाइस चेयरपर्सन श्रीमती सी० पी० लखनपाल, निदेशक श्री पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या
इंजीनियर नैना लखनपाल, शशिबाला प्रधानाचार्या हीरानगर एवं उप प्रधानाचार्य
अश्वनी कुमार उपस्थित रहे और कार्यक्रम को दिशा प्रदान की। प्रशिक्षण का नेतृत्व अकादमिक
प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा, समन्वयकों विनिता गुप्ता, श्रीमती मनीषा मारवाह,
कंचन लखनपाल एवं विषय-विशेष प्रशिक्षकों ने किया। कार्यक्रम में कुल 150 शिक्षकों ने सक्रिय रूप
से भाग लिया। पहले दिन का प्रशिक्षण डोमेन 3: प्रोफेशनल डेवलपमेंट एंड ग्रोथ के अंतर्गत आयोजित
हुआ, जिसका विषय था – “एम्पावरिंग एजुकेटर्स: बेस्ट प्रैक्टिसेज, क्लासरूम मास्टरी, एंड स्ट्रेस
मैनेजमेंट”। इस सत्र में शिक्षकों को प्रभावी कक्षा प्रबंधन के तरीके, विद्यालय की उत्कृष्ट कार्य
पद्धतियाँ, और तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक उपाय बताए गए, ताकि शिक्षण कार्य अधिक संतुलित
और उत्पादक हो सके। दूसरे और तीसरे दिन विद्यालय के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विषय-विशेष इन-
हाउस प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इन इंटरैक्टिव कार्यशालाओं में शिक्षकों ने अपने-अपने
विषयों की गहन जानकारी प्राप्त की, नवीन शिक्षण पद्धतियों का आदान-प्रदान किया और पाठ्यक्रम
लक्ष्यों के अनुरूप शिक्षण रणनीतियों को परिष्कृत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को एक-
दूसरे से सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर मिला। यह कार्यशाला न केवल आदान-प्रदान का
माध्यम बनी, बल्कि सामूहिक विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। कार्यशाला के
समापन पर विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण सत्र शिक्षकों की दक्षता और
आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान
की जा सके। विद्यालय ने यह भी दोहराया कि वह भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम
से अपने शिक्षकों के सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।इस अवसर पर सभी प्रतिभागी शिक्षकों ने
विद्यालय प्रशासन और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें न
केवल शैक्षिक दृष्टि से लाभ हुआ, बल्कि अपने अध्यापन जीवन में नए दृष्टिकोण और ऊर्जा भी
मिली।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।