हिम अकादमी पब्लिक विद्यालय, विकासनगर (हमीरपुर) में संस्कृत संभाषण शिविर का गरिमामय समापन

(हमीरपुर,

हिम अकादमी पब्लिक विद्यालय, विकासनगर (हमीरपुर) में आयोजित पाँच दिवसीय संस्कृत संभाषण शिविर का
आज, दिनांक 10 अप्रैल, 2026 को अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं गरिमामयी वातावरण में सफल समापन हुआ। इस
ज्ञानवर्धक शिविर का शुभारंभ 6 अप्रैल, 2026 को हुआ था, जिसमें विद्यालय के छात्रावासीय छात्र-छात्राओं ने बढ़-
चढ़कर सहभागिता निभाई। इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि जागृत करना
तथा उन्हें व्यवहारिक रूप से संस्कृत संभाषण में दक्ष बनाना रहा। शिविर का कुशल संचालन संस्कृत भाषा
अध्यापक श्री आकर्ष शर्मा एवं श्री आशीष रंजन के मार्गदर्शन में किया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों को सरल एवं
रोचक विधियों के माध्यम से संस्कृत बोलने के लिए प्रेरित किया। पाँच दिनों तक चले इस शिविर में विद्यार्थियों
ने आत्म-परिचय, दैनिक जीवन से जुड़े संवाद, श्लोक वाचन, संस्कृत गीत-गायन तथा प्रश्नोत्तर जैसी विविध
गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल भाषा कौशल का
विकास हुआ, बल्कि उनमें आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। समापन
समारोह में विद्यालय प्रबंधक समिति के सम्मानित सदस्यगण एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
रही। इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्या इंजीनियर श्रीमती नैना लखनपाल, उप-प्रधानाचार्य श्री अश्विनी
कुमार, विद्यालय मुख्य अध्यापिका श्रीमती कंचन लखनपाल तथा विद्यालय समन्वयक श्रीमती मनीषा मारवाह
सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई तथा विद्यार्थियों के प्रयासों की
सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट
प्रदर्शन हेतु सराहा गया तथा शिविर के सफल आयोजन के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह
संस्कृत संभाषण शिविर विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक, बल्कि अत्यंत प्रेरणादायक एवं स्मरणीय
अनुभव सिद्ध हुआ।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।