हिमाचल में लोकतंत्र नहीं, गुंडातंत्र चला रही सरकार: राजेंद्र राणा,मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट बुलाकर निंदा प्रस्ताव पारित करें

हमीरपुर,

सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। राणा ने कहा कि जिस तरह एक कैबिनेट मंत्री ने सरेआम नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी की पिटाई की, उसने हिमाचल में लोकतांत्रिक व्यवस्था की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे देश में हिमाचल को शर्मसार किया है और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस पर सख्त नाराजगी जताई है।

आज यहां जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि अगर मंत्री को किसी अधिकारी के कामकाज में कमी दिख रही थी तो शिकायत दर्ज करवा कर जांच करवाई जा सकती थी, लेकिन एक जिम्मेदार मंत्री का इस तरह हाथ उठाना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने प्रदेश में सड़क निर्माण के लिए 23,729 करोड़ रुपये दिए हैं और इस तरह की घटनाएं न सिर्फ व्यवस्था को चोट पहुंचाती हैं बल्कि प्रदेश की छवि भी धूमिल करती हैं।

राजेंद्र राणा ने मांग की कि मुख्यमंत्री को तुरंत कैबिनेट की बैठक बुलाकर इस मंत्री के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया — महिलाओं को ₹1500 महीना, युवाओं को रोजगार, कर्मचारियों और पेंशनरों के बकाया भुगतान जैसे वादे हवा में लटके हुए हैं।

मेडिकल बिल और ठेकेदारों की पेमेंट भी लटकी पड़ी है, जबकि प्रदेश कर्ज में डूब रहा है। ऐसे में मंत्री अपनी नाकामी का गुस्सा अधिकारियों पर निकाल कर डंडातंत्र चला रहे हैं।

राणा ने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों के आचरण को जनता फॉलो करती है लेकिन अब हिमाचल में मंत्री खुद बदनाम करने वाली मिसालें पेश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की इस मामले में चुप्पी भी हैरान करने वाली है, जिससे लगता है कि वो एक्शन लेने की बजाय अपनी खामोशी से घटना पर सहमति जता रहे हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।