हिमाचल प्रदेश कबड्डी संघ के पदाधिकारियों ने प्रोफेसर धूमल से की शिष्टाचार भेंट

समीरपुर,
कबड्डी संघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष राज कुमार निट्टू, महासचिव कुलदीप राणा, और प्रो-कबड्डी के टेक्निकल ऑफिशियल आदर्श सिंगटा ने आज समीरपुर स्थित निवास पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में खेलों, विशेषकर कबड्डी के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन, संसाधन और मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कबड्डी संघ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि खेल संघ, समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करें तो प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना सकते हैं।

राज कुमार निट्टू ने कहा कि कबड्डी संघ हिमाचल प्रदेश प्रदेश भर में खेल को लोकप्रिय बनाने, युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करने तथा उभरती प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संघ द्वारा जिला व राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन, प्रशिक्षण शिविर तथा खिलाड़ियों के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निट्टू ने कहा कि प्रोफेसर धूमल का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन खेल संघ के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे खिलाड़ियों का मनोबल और अधिक मजबूत होगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।