हाउसकीपिंग सप्ताह के दौरान आईएचएम के प्रशिक्षुओं ने दिखाई रचनात्मकता

हमीरपुर,
। होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर में अंतर्राष्ट्रीय हाउसकीपिंग सप्ताह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें उपकरण पहचान प्रतियोगिता, पर्यावरण-अनुकूल ट्रे गार्डनिंग प्रतियोगिता, टॉवल आर्ट प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, अतिथि कक्ष निरीक्षण प्रतियोगिता, बेड मेकिंग प्रतियोगिता और उपकरण संचालन प्रशिक्षण शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए संस्थान के विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा ने बताया कि हर वर्ष सितंबर के दूसरे सप्ताह के दौरान अंतर्राष्ट्रीय हाउसकीपिंग सप्ताह मनाया जाता है। आईएचएम हमीरपुर में इस वर्ष भी यह सप्ताह बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुनीत बंटा ने बताया कि इसका उद्देश्य हाउसकीपिंग से से जुडे़ कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण तथा आतिथ्य सेवा क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान का सम्मान करना है। उन्होंने बताया कि हाउसकीपिंग, किसी भी होटल संस्थान अथवा सेवा की रीढ़ होती है। इसमें स्वच्छता, संुदरता और अनुशासन बनाए रखने से न केवल अतिथियों का प्रवास बेहतर एवं यादगार बन जाता है, बल्कि संस्थान की गरिमा भी बढ़ती है। विभागाध्यक्ष ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।