हमीर उत्सव का फिर से करेंगे आगाज : सुनील शर्मा बिट्टू

हमीरपुर ।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि हमीरपुर में कई वर्षों से बंद किए गए हमीर उत्सव के आयोजन को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के आशीर्वाद से दोबारा शुरू किया जाएगा और यह आयोजन बहुत बड़े स्तर पर किया जाएगा। सुनील शर्मा बिट्टू ने वीरवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और हमीरपुर के अन्य गणमान्य नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ भेंट के बाद यह जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार के समक्ष हमीर उत्सव को दोबारा शुरू करने की मांग रखी।
इस मांग पर स्वयं भी पूर्ण सहमति जताते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि जिला हमीरपुर विकास के सभी मानकों और राजनीतिक दृष्टि से अग्रणी जिलों में शुमार है तथा इसकी अपनी एक अलग सांस्कृतिक पहचान भी है। इसलिए, यहां हमीर उत्सव के आयोजन की परंपरा को पुनर्जीवित करने की मांग के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया जाएगा और उनके आशीर्वाद से हमीरपुर में एक भव्य उत्सव मनाने की शुरुआत की जाएगी।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि शीघ्र ही इस उत्सव की रूपरेखा तैयार की जाएगी और इसमें स्थानीय सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अपने गृह जिला के लिए बड़े-बड़े विकासात्मक प्रोजेक्ट मंजूर कर रहे हैं और इनके लिए करोड़ों रुपये का बजट भी दे रहे हैं। जिला की लोक संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए भी मुख्यमंत्री सदैव कृतसंकल्प हैं। लिहाजा, हमीर उत्सव के भव्य आयोजन के लिए भी वह अपना आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन भारती, कामगार कल्याण कांग्रेस के राजीव राणा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार, राजेश आनंद, राजेश चौधरी, मनोज शर्मा, सुनील ठाकुर, निशांत शर्मा, पवन छिंदी, राजीव राजू, कुलदीप शर्मा, अनिल श्याम, रजनीश गांधी, व्यापार मंडल डिडवीं टिक्कर के प्रधान सुनील रणौत और अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।