हमीरपुर में 24 घंटे के दौरान 19.70 लाख रुपये का नुक्सान

हमीरपुर।
जिले के कई क्षेत्रों में पिछले दो दिनों के दौरान रुक-रुक कर हुई भारी एवं मध्यम बारिश से व्यापक नुक्सान हुआ है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में सोमवार दोपहर तक प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में सार्वजनिक और निजी संपत्ति का लगभग 19.70 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है। इसके साथ ही इस मॉनसून सीजन में जिले भर में हुए नुक्सान का आंकड़ा 338.54 करोड़ रुपये से भी अधिक हो गया है।
इस दौरान जल शक्ति विभाग को सर्वाधिक 184.20 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग को 141.13 करोड़ रुपये, बिजली बोर्ड को 2.07 करोड़ और शिक्षा विभाग को 1.99 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य विभाग डेढ़ लाख और मत्स्य पालन विभाग को 55 हजार रुपये की क्षति हुई है। बागवानी विभाग ने विभिन्न फसलों को हुए 18.06 लाख रुपये और कृषि विभाग ने 35.02 लाख रुपये के नुक्सान की रिपोर्ट प्रेषित की है।
76 कच्चे मकान और 5 पक्का मकान ध्वस्त होने से लगभग 2.17 करोड़ रुपये के नुक्सान का अनुमान है। 427 अन्य कच्चे मकानों और 35 पक्के मकानों को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है, जिससे 2.73 करोड़ रुपये से अधिक का नुक्सान हुआ है। 53 अन्य भवनों को भी लगभग 20.98 लाख रुपये की क्षति पहुंची है। जिले भर में 142 डंगे गिरे हैं, जिनमें लगभग 1.19 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। 521 गौशालाओं के ध्वस्त होने से लगभग 2.23 करोड़ रुपये का नुक्सान हुआ है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।