हमीरपुर में किया पीएनबी के हाउसिंग लोन एवं सूर्या घर ऋण एक्सपो का शुभारंभ, मकानों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाएं, 85 हजार रुपये तक सब्सिडी पाएं

हमीरपुर ।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने शुक्रवार को यहां बस स्टैंड के पास पंजाब नेशनल बैंक के दो दिवसीय हाउसिंग लोन एवं सूर्या घर ऋण एक्सपो का शुभारंभ किया।
एक्सपो के आयोजन के लिए पीएनबी के वरिष्ठ अधिकारियों की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इससे आम लोग अपने मकानों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने हेतु सूर्या घर ऋण योजना के तहत 7 प्रतिशत दर पर ऋण और 85 हजार रुपये तक सब्सिडी की सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रेरित होंगे। इसी प्रकार, हाउसिंग लोन के मामले भी तुरंत स्वीकृत होंगे।
उपायुक्त ने बताया कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले जिला हमीरपुर के 6 राजस्व गांवों को सूर्या घर योजना के तहत एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा जिला में घरों की छतों पर सूर्या घर योजना के तहत सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लगभग 600 मामलों को मंजूरी प्रदान की गई है।
उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए बताया कि इसके तहत हिमाचल में अधिकतम 85 हजार रुपये तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इतनी सब्सिडी किसी अन्य राज्य में नहीं है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने मौके पर ही मंजूर किए गए हाउसिंग लोन और सूर्या घर ऋण योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए। इनमें विजय कुमार को एक करोड़ रुपये और सोनिया गुप्ता को 50 लाख रुपये का हाउसिंग लोन मंजूर किया। इनके अलावा हेमराज शर्मा, विजय वर्मा और अन्य लाभार्थियों को भी ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इससे पहले पंजाब नेशनल बैंक मुख्यालय के एजीएम एम नंदा कुमार और बैंक के सर्कल कार्यालय के उपप्रमुख किशोर बाबू ने उपायुक्त का स्वागत किया तथा बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जिला अग्रणी प्रबंधक टशी नमग्याल और बैंक के अन्य अधिकारियों ने भी आम लोगों को ऋण योजनाओं से अवगत करवाया तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने वाली कंपनियों के अधिकारियों ने भी लोगों का मार्गदर्शन किया। पीएनबी के इस एक्सपो में शनिवार को भी आम लोगों को जागरुक किया जाएगा तथा मौके पर ही ऋण के मामले मंजूर किए जाएंगे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।