हमीरपुर में एसआईआर और विकसित भारत जी-राम-जी योजना को लेकर भाजपा ने चलाया जनजागरूकता अभियान

हमीरपुर,

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को हमीरपुर में विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की, जिसमें निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) और विकसित भारत जी-राम-जी योजना को लेकर आम जनता को जमीनी स्तर पर जागरूक करने पर जोर दिया गया।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने पूरे प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन निर्वाचन आयोग की एक अनिवार्य और दशकों से चली आ रही प्रक्रिया है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में इसका महत्व और अधिक बढ़ गया है।

राकेश ठाकुर ने कहा कि बड़ी संख्या में घुसपैठिए देश में प्रवेश कर रहे हैं और कुछ मामलों में वे मतदाता सूची में अपने नाम दर्ज कराने के साथ-साथ आधार कार्ड तक बनवाने में सफल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों की शुद्धता बनाए रखने के लिए एसआईआर प्रक्रिया में समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और कुछ अन्य दल इस प्रक्रिया का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं।

शोध प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कांशीराम भारती ने कहा कि कहा कि घुसपैठिए देश के विकास की नींव पर सीधा प्रहार करते हैं। संविधान के अनुसार केवल भारतीय नागरिकों को ही मतदान का अधिकार है और बाहर से आए किसी भी व्यक्ति को वोट देने का अधिकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इन संवैधानिक तथ्यों से आम जनता को अवगत कराने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाएगी।

पंचायतीराज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनोद ठाकुर ने अपने अभिभाषण में कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित करना है। इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिनों तक सुनिश्चित रोजगार प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना का विरोध करना सरासर अनुचित और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1961, 1972, 1979, 2001, 2004 और 2005 में विभिन्न सरकारों द्वारा ग्रामीण रोजगार योजनाएं शुरू की गई थीं, लेकिन वर्ष 2025 में प्रारंभ की गई यह योजना देश के इतिहास की सबसे प्रभावी और व्यापक योजना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना का विरोध कर विपक्ष जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है और यह कांग्रेस पार्टी की भगवान राम के नाम से जुड़ी मानसिकता को भी उजागर करता है। उन्होंने कहा कि इस विरोध से कांग्रेस का भगवान राम के प्रति दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से सामने आता है। राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा गांव-गांव जाकर इस योजना को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी और हाल ही में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला इसी व्यापक अभियान की एक कड़ी है।

बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश पंचायती राज प्रकोष्ठ संयोजक विनोद ठाकुर और भाजपा प्रदेश शोध प्रकोष्ठ संयोजक कंशी राम भारती उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त बड़सर विधायक इंदरदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान और विजय अग्निहोत्री, भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा सभी मंडलों की मंडल कार्यकारिणी के सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।