हमीरपुर जिले में 12 स्थानों पर योग दिवस मनाएगा आयुष विभाग

बचत भवन में भी सुबह 6ः30 बजे योगाभ्यास करेंगे अधिकारी-कर्मचारी और आम लोग

हमीरपुर । 

10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर आयुष विभाग शुक्रवार सुबह जिला हमीरपुर के 12 महत्वपूर्ण स्थानों पर योगाभ्यास सत्र आयोजित करेगा। इस दौरान आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक आम लोगों को योगाभ्यास करवाएंगे।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. देश राज वर्मा ने बताया कि जिला मुख्यालय हमीरपुर में बचत भवन के अलावा जिला न्यायिक परिसर हमीरपुर, एनआईटी परिसर, कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी खरवाड़, राजकीय औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी, उपमंडलीय दंडाधिकारी कार्यालय भोरंज, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़सर, संत निरंकारी भवन नादौन, डीडीएम साई कॉलेज नादौन, बाबा बालक नाथ ट्रस्ट दियोटसिद्ध और जिला पंचायत संसाधन केंद्र सलासी में भी विशेष योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

शुक्रवार सुबह 6ः30 बजे से आरंभ होने वाले इन योगाभ्यास सत्रों में सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ता और आम लोग भी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। डॉ. देश राज वर्मा ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर जिला हमीरपुर के 71 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा 5 आयुर्वेदिक अस्पतालों में भी योग से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने बताया कि योग प्राचीन भारतीय परंपरा एवं संस्कृति की अमूल्य देन है और व्यस्तताओं से भरी अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करके हम स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी जिलावासियों से शुक्रवार सुबह विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जा रहे योग शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील भी की।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।