हमीरपुर जिले में बन चुके हैं 469025 आभा कार्ड

हमीरपुर ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि जिला हमीरपुर में अभी तक 469025 आभा कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिला हमीरपुर के तीन अस्पतालों में डॉ.  राधाकृष्णन गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टौणी देवी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर में आभा आईडी द्वारा पंजीकरण शुरू कर दिया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे आभा कार्ड साथ लेकर ही अस्पताल जाएं। इससे उन्हें लंबी लाइनों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और उनका हेल्थ रिकार्ड भी सुरक्षित रहेगा। डॉ. प्रवीण चौधरी ने कहा कि जिन लोगों ने अभी तक आभा कार्ड नहीं बनवाए हैं, वे इन्हें अतिशीघ्र बनवा लें। इससे उन्हें काफी सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में कुल 289 अस्पताल पंजीकृत हैं। इनमें से डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जुड़े हुए हैं। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अभी तक जिला के 330 चिकित्सकों की हेल्थ प्रोफेशनल आईडी बन गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अन्य चिकित्सकों से भी अतिशीघ्र हेल्थ प्रोफेशनल आईडी बनवाने की अपील की है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।