हमीरपुर को मिली कामगार कल्याण बोर्ड के कार्यालय की सौगात, संचालन 5 फरवरी से आरंभ : नरदेव कंवर

हमीरपुर ।

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के राज्य स्तरीय कार्यालय का संचालन आरंभ होने से जिला को एक और बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार हमीरपुर में बीडीओ कार्यालय परिसर के साथ ही स्थित भवन में 15 फरवरी से हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के राज्य स्तरीय कार्यालय का संचालन शुरू कर दिया गया है। इसके लिए शिमला से अधिकतर स्टाफ भी पहुंच गया है।
बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बोर्ड के कार्यालय के रूप में जिला हमीरपुर को एक और बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने बताया कि सवा दो साल के कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला हमीरपुर में बस स्टैंड और कई अन्य बड़ी परियोजनाओं के कार्य आरंभ करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के प्रदेश एवं जोनल स्तर के कार्यालय भी खोले हैं। इसी कड़ी में भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का राज्य स्तरीय कार्यालय भी यहां खोला गया है, जिसका संचालन 5 फरवरी से आरंभ कर दिया गया है।

नरदेव कंवर ने बताया कि इस कार्यालय के लिए स्टाफ को भी हमीरपुर स्थानांतरित कर दिया गया है तथा यहां अधिकारियों-कर्मचारियों ने कार्य आरंभ कर दिया है। उन्होंने बताया कि नए कार्यालय परिसर में आवश्यक निर्माण कार्य भी साथ-साथ चले हुए हैं और यहां कामगारों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दृष्टिकोण के साथ कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री की इस सोच को धरातल पर लागू करने के लिए बोर्ड 13 विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कामगारों को लाभान्वित कर रहा है।
अभी तक प्रदेश भर में साढे चार लाख से अधिक कामगारों का पंजीकरण किया जा चुका है। जिला हमीरपुर में भी 81 हजार से अधिक कामगारों का पंजीकरण किया गया है। हमीरपुर में बोर्ड का राज्य स्तरीय कार्यालय खुलने से इस पूरे क्षेत्र के कामगार लाभान्वित होंगे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।