हमीरपुर के साहित्यकार राजेंद्र राजन को इंडोनेशिया में दिया गया प्रतिष्ठित पुरस्कार

हमीरपुर 27 अगस्त।
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के भूतपूर्व संयुक्त निदेशक राजेंद्र राजन को इंडोनेशिया के बाली में आयोजित 25वें अंतर्राष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन में प्रतिष्ठित संच्चिदानंद त्रिपाठी सृजन सम्मान से अलंकृत किया गया है।
पांडुलिपि संस्था की ओर से आयोजित इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि एवं बाली के अग्रणी समाजसेवी पद्मश्री डॉ. उदयन ने बुधवार को राजेंद्र राजन को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार के रूप में राजेंद्र राजन को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और नकद राशि दी गई है।
हमीरपुर के निकटवर्ती गांव बल्ह के निवासी राजेंद्र राजन ने बाली से दूरभाष पर बताया कि उन्हें यह पुरस्कार साहित्यिक पत्रिका ‘इरावती’ के माध्यम से हिंदी को बढ़ावा देने तथा हिंदी साहित्य को समृद्ध करने में योगदान के लिए दिया गया है।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. उदयन ने कहा कि राजेंद्र राजन हिंदी साहित्य जगत में एक सुपरिचित नाम है। हिंदी भाषा और साहित्य के लिए इन्होंने बहुत ही सराहनीय योगदान दिया है। इस अवसर पर इरावती पत्रिका के कविता विशेषांक का विमोचन भी किया गया।
सम्मेलन में डॉ. सुमन बिष्ट, कृष्ण कुमार प्रजापति, जय प्रकाश सिंह, अंबिका चतुर्वेदी, रामकृष्ण राजपूत, डॉ. रत्ना सिंह, पुष्पा जोशी और हिंदी के कई अन्य नामी साहित्यकारों ने भाग लिया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।