सेर-स्वाहल के रोशन लाल ने रैडक्रॉस के लिए दिए 10 हजार ,डीसी ने लोगों से की जिला रैडक्रॉस सोसाइटी से जुड़ने की अपील

हमीरपुर ।
असहाय एवं जरुरतमंद लोगों की मदद करने वाली जिला रैडक्रॉस सोसाइटी में अंशदान के लिए कई लोग आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में हमीरपुर के निकटवर्ती गांव सेर-स्वाहल के रोशन लाल शर्मा ने भी जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के लिए दस हजार रुपये का अंशदान दिया है।
रोशन लाल शर्मा ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर दस हजार रुपये का चेक उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह को सौंपा।
इस नेक कार्य के लिए रोशन लाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से कई गरीब, असहाय एवं जरुरतमंद लोगों की मदद की जाती है। इसलिए, सभी लोगों को अपने सामर्थ्य के अनुसार जिला रैडक्रॉस सोसाइटी में अंशदान देना चाहिए। उनके द्वारा दान की गई धनराशि किसी जरुरतमंद व्यक्ति के काम आ सकती है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में अधिक से अधिक लोगों को रैडक्रॉस से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए उपमंडल स्तर पर भी रैडक्रॉस सोसाइटी का गठन किया गया है तथा आम लोगों को इसका सदस्य, आजीवन सदस्य, संरक्षक या मुख्य संरक्षक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा हैै।
इस अवसर पर एडीएम राहुल चौहान, सहायक आयुक्त पवन शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी जसपाल सिंह, उपायुक्त की पीएस रीता कटोच, जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।