सेना दिवस समारोह: सुजानपुर के चौगान में 15 जनवरी को होगा भव्य आयोजन: राजेंद्र राणा

सुजानपुर,

सर्व कल्याणकारी संस्था द्वारा पूर्व सैनिक लीग सुजानपुर के सहयोग से सेना दिवस समारोह 15 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे ऐतिहासिक चौगान में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। इस विशेष आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के लिए आज पूर्व विधायक और सर्व कल्याणकारी संस्था के संस्थापक राजेंद्र राणा ने पटलांदर स्थित अपने आवास पर पूर्व सैनिकों और संस्था के सहयोगियों के साथ बैठक की।

राजेंद्र राणा ने कहा कि 15 जनवरी का दिन भारतीय सैन्य इतिहास और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस दिन को हम भारतीय सेना दिवस के रूप में मनाते हैं और उन वीर जवानों को नमन करते हैं, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, जिसे देवभूमि और वीरभूमि दोनों के रूप में जाना जाता है, अपने बहादुर सपूतों के लिए सदा गर्वित रहा है।

उन्होंने बताया कि सुजानपुर की पवित्र धरती भी ऐसे वीरों की जननी रही है, जिन्होंने देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सर्व कल्याणकारी संस्था हर वर्ष सेना दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व सैनिक लीग के सहयोग से विशेष समारोह का आयोजन करती है। इस समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सेवारत सैनिकों के परिजन और अन्य गणमान्य नागरिक शामिल होते हैं।

राजेंद्र राणा ने कहा, “हमारी संस्था को गर्व है कि उसने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के सेवारत सैनिकों और पूर्व सैनिकों के परिजनों को उनके अमूल्य योगदान के लिए सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया है। यह आयोजन अपने आप में देश के इतिहास में अद्वितीय है।”

उन्होंने आगे कहा कि इस वर्ष भी सेना दिवस समारोह बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन को यादगार बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं और ज़िम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। संस्था और पूर्व सैनिक लीग इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समर्पित हैं।

हिमाचल के वीरों की कुर्बानियों को समर्पित यह आयोजन न केवल उनकी वीरता का उत्सव होगा, बल्कि भावी पीढ़ी को भी प्रेरणा प्रदान करेगा।

।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।