सुरेश कुमार ने भोरंज में किया आधुनिक लाइब्रेरी का लोकार्पण

भोरंज ।

विधायक सुरेश कुमार ने मंगलवार को यहां मिनी सचिवालय के परिसर में उपमंडल स्तरीय पुस्तकालय का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इस लाइब्रेरी में पाठकों को कंप्यूटर, इंटरनेट, कैफे एवं जलपान सहित अन्य सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इससे आम पाठकों और विशेषकर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को काफी सुविधा होगी।
विधायक ने बताया कि भोरंज के बच्चों एवं युवाओं को एक अच्छा शैक्षणिक माहौल प्रदान करने के लिए यहां एक आधुनिक लाइब्रेरी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सुरेश कुमार ने बताया कि इसके लिए वह काफी प्रयासरत थे और अब यहां लाइब्रेरी में लगभग 100 बच्चों एवं युवाओं के लिए बैठने का प्रबंध और अन्य आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। आने वाले समय में इसकी क्षमता 200 तक बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के विद्यार्थियों और आम पाठकों से इस लाइब्रेरी का भरपूर लाभ उठाने की अपील भी की।
इस अवसर पर विधायक का आभार व्यक्त करते हुए ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन भोरंज के उपाध्यक्ष अधिवक्ता दिनेश संधू ने कहा कि एसोसिएशन भोरंज में लंबे समय से एक अच्छी लाइब्रेरी की मांग करती आ रही थी और इस मांग को पूरा करके विधायक ने भोरंज के बच्चों, युवाओं तथा अन्य पाठकों को बहुत बड़ी सौगात दी है।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम शशिपाल शर्मा, तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, भोरंज कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. विजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के निदेशक मंडल के सदस्य विक्रम शर्मा, कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।