सुरक्षित भवन निर्माण मॉडल प्रतियोगिता में जोल सप्पड़ स्कूल का उम्दा प्रदर्शन

हमीरपुर ।

हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा एक अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक डिजास्टर रिस्क रिडक्शन यानि आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर आयोजित किए जा रहे जागरुकता कार्यक्रम ‘समर्थ-2024’ के तहत करवाई गई सुरक्षित भवन निर्माण मॉडल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोल सप्पड़ ने प्रदेश भर में दूसरा स्थान हासिल किया है।
शिमला के निकट शोघी में स्थित सेंटर फॉर साइंस लर्निंग एंड क्रिएटिविटी (सीएसएलसी) में आयोजित की गई इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित भवन निर्माण की प्रथा को बढ़ावा देना तथा आने वाली पीढ़ी को आपदा से निपटने के लिए सशक्त बनाना है।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने इस उपलब्धि के लिए जोल सप्पड़ स्कूल के प्रतिभागी विद्यार्थियों और शिक्षकांे को बधाई दी है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।