सीएचसी धनेटा में बैठेंगे पांच डॉक्टर, 12 पद हुए स्वीकृत,-डॉक्टरों और अन्य स्टाफ के पद मंजूर होने की अधिसूचना जारी

नादौन।
विधानसभा क्षेत्र के धनेटा वासियों के लिए एक और खुशखबरी है। पीएचसी के अपग्रेड होकर सीएचसी यानि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनने के बाद अब प्रदेश सरकार ने 5 डॉक्टरों सहित स्टाफ के कुल 12 पद भी मंजूर कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की सचिव एम. सुधा ने पद स्वीकृत करवाकर शनिवार को अधिसूचना जारी कर दी।
धनेटा सीएचसी में 4 मेडिकल ऑफिसर, एक मेडिकल ऑफिसर डेंटल, 6 नर्स व एक क्लर्क सहित कुल 12 लोगों का स्टाफ होगा। पद स्वीकृत होने की अधिसूचना के बाद सीएचसी के लिए जल्दी डॉक्टरों व अन्य स्टाफ के ऑर्डर भी हो जाएंगे। इससे क्षेत्र व आसपास के लोगों को धनेटा में ही उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। गंभीर बीमारी की स्थिति में ही मरीज को बाहर जाना होगा, मौसमी व अन्य बीमारियों का इलाज धनेटा में ही संभव होगा।

सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में हुई थी घोषणा

मुख्यमंत्री कुछ माह पहले धनेटा में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में आए थे। जिसमें क्षेत्र के लोगों ने पीएचसी को अपग्रेड कर सीएचसी करने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी ने कार्यक्रम से ही सीएचसी की घोषणा कर दी थी और एक दिन बाद उसकी अधिसूचना आ गई। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्टाफ की पद भी मंजूर हो गए हैं।

क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, पूर्व कोषाध्यक्ष भारत भूषण कपिल, जगदीश चंद , रजनीश ठाकुर , कुलदीप कुमार (दीपू), संतोष, राजेन्द्र ठाकुर, मीरा देवी, सुरेन्द्र वर्मा, अमर लाल, बलवीर सिंह, सुनील शर्मा, वीना देवी, विशाल सिंह, मदनलाल, राजकुमार, विजय कुमार, सतीश शर्मा, तिलक राज , सरवन सिंह, मदन लाल, जोगिंद्र सिंह व सुनील दत्त ने इसके लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह जी का तहेदिल से आभार जताया है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।