सियूहणी में बेटियों के नाम पर किया पौधारोपण

हमीरपुर ,

महिला एवं बाल विकास विभाग की ‘मिशन शक्ति’ योजना के तहत आरंभ किए गए 100 दिन के विशेष अभियान के दौरान जिले भर में महिलाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं पर आधारित जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को हमीरपुर के निकटवर्ती गांव सियूहणी में भी ‘एक बूटा बेटी के नाम’ अभियान के तहत गांव की दो कन्याओं मानवी और गौरांशी के नाम पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने लीची और संतरे के पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि ‘एक बूटा बेटी के नाम’ अभियान के दौरान रोपे गए पौधे जहां नन्हीं कन्याओं और उनके माता-पिता के लिए स्मरणीय रहेंगे, वहीं हिमाचल प्रदेश के हरित आवरण को बढ़ाने तथा पर्यावरण के संरक्षण में भी मददगार साबित होंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि हमें लड़का-लड़की में कोई भी भेदभाव नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के युग में लड़कियां हर क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं। इन्होंने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति की जिला समन्वयक कल्पना ठाकुर, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ नीतू राठौर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं भी उपस्थित थी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।