सामान्य पर्यवेक्षक श्याम लाल पूनिया ने किया मतगणना केंद्रों का निरीक्षण

हमीरपुर ।
संसदीय क्षेत्र 3-हमीरपुर के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किए गए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्याम लाल पूनिया ने सोमवार को शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर में स्थापित तीनों मतगणना केंद्रों का निरीक्षण करके विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने तीनों विधानसभा क्षेत्रों भोरंज, हमीरपुर और नादौन के मतगणना केंद्रों तथा पोस्टल बैलेट्स एवं ईटीपीबी के मतगणना हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना हॉल्स के अंदर एवं बाहर तथा स्कूल परिसर में बैरीकेडिंग, मीडिया सेंटर की स्थापना, एजेंटों की एंट्री और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्रों के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना होनी चाहिए तथा इसमें किसी भी स्तर पर कोताही नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर जिलाधीश एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह, एसपी पदम चंद, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम हमीरपुर मनीष कुमार सोनी, एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप, एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल, निर्वाचन विभाग के तहसीलदार उपेंद्रनाथ शुक्ला और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।