सहकार से समृद्धि की दिशा में ठोस पहल, किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल: अनुराग सिंह ठाकुर

हमीरपुर,
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज अपने संसदीय क्षेत्र के बारीं में स्थित दी बारीं प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी सभा में नवनिर्मित कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउस एवं मार्ट का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर सहकारी संस्था के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान भाई-बहन तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सहकारिता को विकास का सशक्त माध्यम बनाया गया है। प्रधानमंत्री की “सहकार से समृद्धि” की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से 6 जुलाई 2021 को सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया, जिसने बीते चार वर्षों में सहकारी क्षेत्र को सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि देश के पहले सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मंत्रालय द्वारा अब तक 114 प्रमुख पहलें लागू की गई हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों, महिलाओं, युवाओं, सहकारी संस्थाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिला है। इन पहलों के माध्यम से सहकारी संस्थाओं को नई ऊर्जा, पारदर्शिता और तकनीकी मजबूती प्राप्त हुई है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर में दी बारीं प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी सभा के कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउस और मार्ट का लोकार्पण करना उनके लिए अत्यंत सुखद अनुभव है। यह परियोजना किसानों को अपनी उपज के सुरक्षित भंडारण, बेहतर मूल्य प्राप्ति और बाजार तक सीधी पहुंच प्रदान करेगी। इससे फसल की बर्बादी रुकेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि सहकारी पहलों से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो रही है, बल्कि ये प्रयास स्थानीय स्तर पर रोजगार के अनेक अवसर भी सृजित कर रहे हैं। इस प्रकार की सुविधाएं ग्रामीण विकास को गति देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम के अंत में सहकारी सभा के पदाधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि यह सुविधा क्षेत्र के किसानों और उपभोक्ताओं के लिए दीर्घकालीन रूप से लाभकारी सिद्ध होगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।