सहकारिता ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक धुरी है: धूमल

समीरपुर,

हमीरपुर सहकारिता विकास संघ के नवनिर्वाचित छह निदेशकों ने आज पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से उनके समीरपुर स्थित निवास पर औपचारिक भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल में लगातार तीसरी बार चुने गए निदेशक मंडल के अध्यक्ष यशवीर पटियाल, उपाध्यक्ष सुशील ठाकुर सहित अन्य निदेशक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देशराज शर्मा, तथा पार्टी समर्थक भी उपस्थित थे।

निदेशक मंडल ने प्रो. धूमल से संगठन के भविष्य के रोडमैप एवं विस्तार को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। यशवीर पटियाल ने बताया कि प्रो. धूमल के कार्यकाल में सहकारिता क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए गए। चाहे बहुद्देशीय सहकारी समितियों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना हो, किसानों व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सहकारी ढांचे का विस्तार करना हो, या सहकारी बैंकों व संघों को वित्तीय रूप से सक्षम बनाने की बात हो – प्रो. धूमल की नीतियों ने हमीरपुर सहकारिता विकास संघ को स्थिरता और विकास की दिशा में नई पहचान दिलाई।

अध्यक्ष यशवीर पटियाल और उपाध्यक्ष सुशील ठाकुर ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में प्रो. धूमल का योगदान हमेशा प्रेरक रहा है, और उनके सुझाव आने वाले कार्यकाल में नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।

अंत में प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सभी निर्वाचित निदेशकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सहकारिता ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक धुरी है और संघ के पदाधिकारियों को पारदर्शिता, सेवा भाव और दक्षता के साथ जनहित में कार्य करते रहना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई टीम संगठन को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।