सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर डीसी और अन्य अधिकारियों ने किया अंशदान

हमीरपुर ।

सशस्त्र सेना झंडा दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को उपायुक्त अमरजीत सिंह और जिला के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न युद्धों एवं सैन्य ऑपरेशनों में शहीद या घायल हुए सैनिकों तथा उनके परिजनों की सहायता के लिए अंशदान किया। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने उपायुक्त को सशस्त्र सेनाओं का झंडा लगाया तथा उनसे अंशदान प्राप्त किया।
एडीएम राहुल चौहान, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम संजीत सिंह, सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी, डॉ. सुनील वर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी अंशदान दिया।
इस अवसर पर भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना के सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को शुभकामनाएं देते हुए उपायुक्त ने कहा कि हर वर्ष 7 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है। यह दिवस उन वीर सैनिकों को समर्पित है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी या गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा कि इस दिन लोगों को विशेष झंडा लगाकर राशि एकत्रित की जाती है। यह राशि शहीद सैनिकों के परिजनों तथा अपंग सैनिकों की मदद पर खर्च की जाती है और यह दान राशि पूर्ण रूप से आयकर मुक्त होती है। उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर अधिक से अधिक अंशदान की अपील भी की।
अमरजीत सिंह ने सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उपायुक्त कार्यालय परिसर में विशेष रूप से एक दान पेटी स्थापित करें, ताकि प्रतिदिन यहां आने वाले आम लोग भी अंशदान दे सकें।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।