सर्विकल कैंसर से बचने के लिए हमीरपुर की 1525 लड़कियों ने करवाई वैक्सीनेशन

हमीरपुर ,

14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाने के लिए आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जिला हमीरपुर में अभी तक 1525 लड़कियों की वैक्सीनेशन की जा चुकी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने जिला में एचवीपी वैक्सीनेशन का आंकड़ा अब 50 प्रतिशत से पार हो गया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने जिला में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लगभग 2967 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें से अभी तक 1525 लड़कियां यह टीका लगवा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस आयु वर्ग की अन्य लड़कियों को भी यह वैक्सीन लगाने के लिए अब स्कूल स्तर पर भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. अजय अत्री ने बताया कि महिलाओं में बार-बार इनफेक्शन के कारण सर्विकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। सर्विकल कैंसर की शिकार लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका कारण लंबे समय तक इनफेक्शन होना ही है। एक अध्ययन के अनुसार एक लाख महिलाओं में लगभग 14 महिलाएं इससे ग्रस्त पाई जाती हैं। महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्विकल कैंसर सबसे ज्यादा पाया गया है। इस गंभीर रोग से बचाव के लिए ही एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान आरंभ किया गया है। यह टीका 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को भविष्य में सर्विकल कैंसर से बचाएगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।