समग्र शिक्षा कला उत्सव में नन्हें चित्रकारों ने उकेरे खूबसूरत रंग

हमीरपुर ।

पीएमश्री शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) हमीरपुर में शुक्रवार को खंड स्तरीय समग्र शिक्षा कला उत्सव-2024 आयोजित किया गया। इस कला उत्सव में 25 विद्यालयों के लगभग 70 विद्यार्थियों ने प्राइमरी और अप्पर प्राइमरी के अलग-अलग वर्गों के लिए आयोजित फिंगर एंड थंब पेंटिंग, कैलीग्राफी, कार्ड मेकिंग, रंगोली, स्केचिंग और 2-डी पेंटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
इन नन्हें प्रतिभाशाली चित्रकारों ने शानदार पेंटिंग्स, स्केच, कार्ड्स और रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी कलाकृतियों में कई खूबसूरत रंग उकेरे। इस अवसर पर मेजबान स्कूल के प्रधानाचार्य मुश्ताक मोहम्मद ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने में सहायता मिलती है और बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। इस मौके पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हमीरपुर की प्रधानाचार्य पूनम चौहान और अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।