‘सभी वर्गों की सामूहिक जिम्मेदारी है स्वच्छता’,नगर निगम ने आईएचएम में आयोजित किया स्वच्छता जागरुकता कार्यक्रम

हमीरपुर ।

नगर निगम हमीरपुर ने बीते दिन सलासी स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) मंें स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन विषय पर एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर स्वच्छता के प्रति जागरुकता बढ़ाना तथा स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नगर निगम हमीरपुर के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक स्वच्छता को सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन घरों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरा का वहीं पर ही पृथक्करण बहुत जरूरी है। अगर प्रत्येक व्यक्ति घर में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग इकट्ठा करके सफाई कर्मचारियों को सौंपेंगा तो उससे कूड़ा का सही निष्पादन सुनिश्चित होगा।
अतिरिक्त आयुक्त ने टूर एंड ट्रैवल सेक्टर से जुड़े व्यवसायियों को अपनी गाड़ियों में डस्टबिन रखने की सलाह दी, ताकि यात्रा के दौरान कचरा इधर-उधर न फैलाया जा सके। साथ ही उन्होंने टूर एंड ट्रैवल व्यवसाय से जुड़े लोगों को बाहर से आने वाले पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
इस कार्यक्रम में टूर एंड ट्रैवल से जुड़े लगभग 60 व्यवसायियों ने भाग लिया। इनमें टूर एंड ट्रैवल एजेंसी कृतिका हॉलिडे टूर एंड ट्रेवल्स, चोपड़ा होटल हमीरपुर, नमो रेस्टोरेंट बिझड़ी हमीरपुर, वैली व्यू होम स्टे, स्याल रेजिडेंसी और अन्य रेस्टोरेंट के संचालक शामिल रहे। कार्यक्रम में अभिषेक वर्मा, मनोज कुमार, सुकरांत, सलोनी ठाकुर, शिवानी गुलेरिया, संजीव पठानिया, आयुष, ऋषि एवं इशान सहित अन्य प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और विषय से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आईएचएम के विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा और कार्यक्रम समन्वयक प्रनीश पठानिया ने मुख्य अतिथि, सभी स्टेकहोल्डर्स एवं प्रतिभागियों का बहुमूल्य समय देने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु हार्दिक धन्यवाद किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।