सभी एसडीएम को नियुक्त किया निर्वाचन अधिकारी

हमीरपुर
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी सामान्य निर्वाचन के संचालन और निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया के दौरान चुनाव संबंधी कर्तव्यों के निर्वहन के लिए जिला के पांचों उपमंडलों के एसडीएम को उनके अपने-अपने उपमंडलों के निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त ने सभी एसडीएम को पंचायत एवं वार्ड स्तर पर निर्वाचन के संचालन हेतु सहायक निर्वाचन अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए भी प्राधिकृत किया है। इसके अलावा सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने खंड का प्राधिकृत अधिकारी बनाया गया है।
एक अन्य आदेश जारी करते हुए उपायुक्त ने सभी एसडीएम को उनके उपमंडलों के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्डों के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी और पंचायत समिति के लिए निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। पंचायत समिति के निर्वाचन के संचालन के लिए भी एसडीएम को सहायक निर्वाचन अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए भी प्राधिकृत किया गया है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।