सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की तुरंत करें मदद, पुलिस नहीं करेगी पूछताछ

जिला स्तरीय समिति ने ‘गुड सेमेरिटन अवार्ड’ के लिए भेजे 2 लोगों के नाम
13 अप्रैल को हमीरपुर-वृंदावन बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर की थी घायलों की मदद

हमीरपुर 02 जुलाई।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा है कि किसी भी सड़क दुर्घटना के तुरंत बाद अगर घायलों की तुरंत मदद की जाए तो कई लोगों की बहुमूल्य जानें बच सकती हैं। ऐसी दुर्घटनाओं के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान यानि एक घंटे के भीतर घायलों को मदद की तत्काल आवश्यकता होती है। इसलिए, किसी भी सड़क दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शी को घायलों की मदद के लिए तुरंत आगे आना चाहिए।
मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि सड़क दुर्घटना के घायलों की तत्काल मदद करने वाले तथा उन्हें अस्पताल पहुंचाने वाले प्रत्यक्षदर्शियों से पुलिस भी कोई अनावश्यक पूछताछ नहीं करती है। अमरजीत सिंह ने कहा कि ऐसे मददगार लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ‘गुड सेमेरिटन अवार्ड’ भी आरंभ किया है।
बैठक के दौरान जिला स्तरीय समिति ने 13 अप्रैल को गांव टियाले दा घट्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई हमीरपुर-वृंदावन बस के घायलों की तत्काल मदद करने तथा उन्हें अस्पताल पहुंचाने वाले दो लोगों महेंद्र सिंह और संदीप ठाकुर के नाम ‘गुड सेमेरिटन अवार्ड’ के लिए अनुमोदित करने का निर्णय भी लिया।
जिला में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, स्कूल बसों और सभी प्रकार के सार्वजनिक एवं निजी वाहनों में आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों तथा यातायात नियमों की सख्ती से अनुपालना को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर एसपी भगत सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंकुश शर्मा, एचआरटीसी के डीडीएम राजकुमार पाठक और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।