संतुलित आहार लें और चीनी, नमक, तेल और मैदे का उपयोग कम करें

हमीरपुर ।
आठवें राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर बाल विकास परियोजना हमीरपुर वृत्त धनेड़ के सौजन्य से ग्राम पंचायत चंगर में पंचायत प्रधान अनिल शर्मा की अध्यक्षता में मनाया गया। इस अवसर पर आयुष विभाग की डॉक्टर आशा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।
डॉ. आशा ने महिलाओं को समुचित खानपान संतुलित आहार लेने और चीनी, नमक, तेल तथा मैदे का कम से कम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता से संबंधित जानकारी भी दी। उन्होंने कहा की सशक्त महिला से ही सशक्त समाज बन सकता है क्योंकि वह परिवार की धुरी होती है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग से संरक्षण अधिकारी एवं वृत्त पर्यवेक्षक तिलक राज ने बच्चों तथा महिलाओं का वजन व ऊंचाई माप कर कुपोषण की जांच की तथा महिलाओं को बीएमआई के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों को ‘सही पोषण देश रोशन’ के संदेश के साथ गर्भावस्था से लेकर बच्चों के दो वर्ष की उम्र तक खानपान तथा देखभाल के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पौष्टिक व पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीमा, कंचन, अनीता, शालू तथा महिला मंडल की सदस्यों ने भाग लिया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।