शिशुओं के लिए अमृत है मां का दूध’,स्तनपान सप्ताह के उपलक्ष्य पर स्वास्थ्य विभाग ने चबूतरा में आयोजित किया जागरुकता कार्यक्रम

हमीरपुर ।
स्तनपान सप्ताह के उपलक्ष्य पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चबूतरा के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र चबूतरा में जिला स्तरीय स्तनपान दिवस मनाया।
इस मौके पर विभाग के जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बीरबल वर्मा ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगस्त का पहला सप्ताह दुनिया भर की माताओं के लिए यादगार समय होता है क्योंकि इसे स्तनपान सप्ताह के रूप में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों को बच्चे के विकास के पहले 6 महीनों के दौरान मां के दूध के महत्व से अवगत करवाना है।
बीरबल वर्मा ने बताया कि स्तनपान न केवल बच्चे का शारीरिक व बौद्धिक विकास करता है, बल्कि उसकी प्रतिरक्षण प्रणाली को मजबूत बनाकर कई रोगों से बचाता है। इससे बच्चे को दस्त-उल्टी, निमोनिया श्वसन संक्रमण, मोटापा और मधुमेह इत्यादि का खतरा कम हो जाता है। मां का दूध पचाने में आसान और पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इससे न केवल बच्चे को, बल्कि मां को भी लाभ होता है। स्तनपान माताओं में ऑक्सीटोसिन हार्माेन के स्राव को सक्रिय करता है जो जन्म के बाद गर्भाशय को सिकुड़ने में मदद करता है। स्तनपान करवाने से माताओं में प्रसवोत्तर अवसाद की आशंका कम हो जाती है। यह स्तन व डिंबग्रंथि के कैंसर और हृदय रोग की आशंकाओं को भी कम करता है।
जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी ने बताया कि जन्म के बाद पहले घंटे में ही स्तनपान शुरू कर देना चाहिए। 6 महीनों तक केवल मां का दूध ही पिलायें। बच्चे को पानी भी न पिलाएं। 6 महीने बाद स्तनपान के साथ ऊपरी आहार भी शुरू करें।
इस मौके पर पर्यवेक्षक अजय जगोटा ने कहा कि स्तनपान का शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के लिए सरकार ने मातृत्व अवकाश की नीतियां लागू की हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ता मनोज चंद्र, आशा कार्यकर्ता निशमा, शुषमा, सुनीता, मनीषा, बीना, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना, सोमा देवी, निलेश और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।