शिक्षा का एक बेहतरीन मॉडल विकसित करेगी प्रदेश सरकार : सुरेश कुमार

भोरंज ।

विधायक सुरेश कुमार ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार के लिए कई बड़े एवं कड़े निर्णय लिए हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है तथा इसमें हिमाचल प्रदेश की रैंकिंग 21वें नंबर से चौथे नंबर पर पहुंच गई है। मंगलवार को यहां लक्ष्मी मेमोरियल पब्लिक स्कूल भोटी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सुरेश कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार हिमाचल में शिक्षा का एक ऐसा बेहतरीन मॉडल विकसित करने जा रही है जोकि आज के दौर एवं बच्चों की जरुरतों के अनुरूप होगा।
उन्होंने कहा कि शून्य विद्यार्थी संख्या वाले स्कूलों को बंद करके तथा कम विद्यार्थी संख्या वाले स्कूलों को मर्ज करके प्रदेश सरकार ने इन संस्थानों के शिक्षकों एवं अन्य संसाधनों का सदुपयोग सुनिश्चित किया है। इससे शिक्षकों की कमी दूर हुई है तथा बच्चों की बेहतर शिक्षा सुनिश्चित हुई। सरकार ने वर्तमान दौर की आवश्यकता के अनुरूप सरकारी स्कूलों में भी पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया है। इससे इन स्कूलों के बच्चे भी प्रतिस्पर्धा के इस दौर में पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में सक्षम होंगे।
सुरेश कुमार ने कहा कि हमीरपुर सबसे शिक्षित जिला है और प्रदेश सरकार इसे एक बड़े शैक्षणिक हब के रूप में विकसित कर रही है। इसी कड़ी में यहां मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ कैंसर केयर संस्थान, नर्सिंग कालेज और डेंटल कालेज भी स्थापित करने जा रही है। हमीरपुर के डिग्री कालेज को डेडिकेटड साइंस कालेज का दर्जा दिया गया है और यहां चार वर्षीय बीएससी बीएड का इंटीग्रेटड कोर्स भी आरंभ किया जाएगा। धनेटा कालेज में भी चार वर्षीय इंटीग्रेटड कोर्स और अन्य कोर्स शुरू किए जाएंगे।
लक्ष्मी मेमोरियल पब्लिक स्कूल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि यह संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतरीन शिक्षा उपलब्ध करवा रहा है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य शिवानी चौहान ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और बच्चों के अभिभावकों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जबकि, विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह में एसडीएम शशिपाल शर्मा, भोरंज ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विजय बन्याल, बीडीसी सदस्य वीना देवी, मुकेश बन्याल, चंदन सिंह, स्कूल के प्रबंध निदेशक केएस चौहान और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।