शिकायतकर्ता महिला के घर पहुंचे नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी

हमीरपुर ।

तहसील सुजानपुर के गांव झूलाणी की एक महिला द्वारा उचित मूल्य की दुकान से लिए गए दाल के पैकेट में कचरा मिलने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने का कड़ा संज्ञान लेते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव शर्मा अन्य अधिकारियों के साथ मंगलवार सुबह शिकायतकर्ता महिला के घर पहुंचे।
संजीव शर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला से वस्तुस्थिति की जानकारी लेने के बाद उसके बयान भी दर्ज किए गए हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि इस प्रकरण की पूरी रिपोर्ट निगम के मुख्यालय को प्रेषित कर दी गई है तथा इस संबंध में एनसीसीएफ दिल्ली से जवाब-तलबी करने तथा उचित कार्रवाई करने की संस्तुति की गई है, ताकि खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह की कोताही न हो।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।