व्यवस्था परिवर्तन से हिमाचल को मिलने लगा अरबों रुपये का राजस्व: राजेश धर्माणी

नादौन ।
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, वोकेशनल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बुधवार को सिद्धार्थ राजकीय डिग्री कालेज नादौन में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की चार दिवसीय अंतर महाविद्यालय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का उदघाटन किया। समारोह में मुख्यमंत्री कार्यालय के सीईओ (माईगॉव) डॉ. गोपाल गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में लगभग 70 कालेजों की टीमें भाग ले रही हैं।
इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि कबड्डी जैसा पारंपरिक भारतीय खेल अब एक नई ग्लैमर्स पहचान के साथ विश्व के सामने आया है और कई युवा इसे एक कॅरियर के रूप में अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के कारण आज हिमाचल को हर महीने करोड़ों रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलने लगा है। कड़छम-वांगतू जलविद्युत परियोजना से 18 प्रतिशत रॉयल्टी के रूप में 150 करोड़ रुपये और होटल वाइल्ड फ्लॉवर हॉल से 1.77 करोड़ रुपये मिलने शुरू हुए हैं। इसी प्रकार, सार्वजनिक उपक्रमों को पूर्व में आवंटित एवं निर्माणाधीन विद्युत प्रोजेक्टों, मेडिकल डिवाइस पार्क के निर्माण तथा कई औद्योगिक घरानों को नाममात्र लीज फीस पर भूमि आवंटन जैसे मुद्दों पर भी मुख्यमंत्री ने कड़ा स्टैंड लिया है, जिससे हिमाचल को आने वाले समय में अरबों रुपये का राजस्व मिल सकता है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन करते हुए सभी संसाधनों का सदुपयोग सुनिश्चित किया है। प्रदेश में कई ऐसे स्कूल थे, जहां स्टाफ तो पूरा था, लेकिन इनमें कोई भी विद्यार्थी नहीं था या इनकी संख्या बहुत कम थी। इन सभी स्कूलों को बंद या मर्ज करके गुणवत्तायुक्त शिक्षा पर जोर दिया गया है। इसी के परिणामस्वरूप शिक्षा की गुणवत्ता में हिमाचल प्रदेश ऊंची छलांग लगाते हुए 21वें नंबर से तीसरे नंबर पर पहुंच गया है।
इस अवसर पर मेजबान कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार गौतम ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, विभिन्न कालेजों के टीम प्रभारियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
उदघाटन समारोह में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथी चंद, नगर पंचायत नादौन के अध्यक्ष शम्मी सोनी, हिमुडा के निदेशक मंडल के सदस्य राजेश बन्याल, अन्य बोर्डों एवं निगमों के निदेशक मंडल के सदस्य, विभिन्न कालेजों के प्रधानाचार्य, टीम प्रभारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।