विश्व कौशल दिवस पर आरसेटी ने महिला उद्यमियों को किया सम्मानित

हमीरपुर ।

विश्व कौशल दिवस के उपलक्ष्य पर पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर ने हुनरमंद एवं उद्यमी महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया।
आरसेटी के परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नाबार्ड के डीडीएम नरेश कुमार और संस्थान के निदेशक अजय कतना ने ब्यूटी पार्लर की संचालक एवं एक सफल महिला उद्यमी सुषमा देवी को सम्मानित किया।
इस अवसर पर विश्व कौशल दिवस की बधाई देते हुए नरेश कुमार और अजय कतना ने महिलाओं और युवाओं से आग्रह किया कि वे आरसेटी के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाकर अपनी कौशल क्षमता को बढ़ाएं तथा अपना उद्यम शुरू करें। इससे वे अपने लिए रोजगार के साथ-साथ कई अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं। इस अवसर पर सुषमा देवी ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा आरसेटी के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
उधर, गांव गाहली में आरसेटी द्वारा ही महिलाओं के लिए आयोजित किए जा रहे फास्ट फूड उद्यमी प्रशिक्षण शिविर में भी महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया।   शिविर के दौरान संस्थान के प्रशिक्षक विनय चौहान ने मशरूम उत्पादन से जुड़ी एक सफल महिला उद्यमी पुष्पा देवी और मोमबत्ती का उत्पादन कर रही एक अन्य सफल महिला उद्यमी लीला देवी को सम्मानित किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।