विमल नेगी की मौत की सीबीआई जांच पर सरकार घबराई, सवालों से नहीं बच पाएंगे सीएम: राजेंद्र राणा

हमीरपुर, ।

स्वर्गीय विमल नेगी की रहस्यमयी मौत अब प्रदेश की न्यायिक संवेदना और प्रशासनिक जवाबदेही की कसौटी बन गई है। सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि इस मामले में प्रदेश सरकार की टालमटोल और हड़बड़ाहट अब पूरी तरह उजागर हो चुकी है।

आज यहां जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि नेगी परिवार ने शुरू से ही सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इसे नजरअंदाज कर मामले की जांच शिमला पुलिस को सौंप दी। जब हाईकोर्ट ने इसे सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया, तो यह साफ हो गया कि सरकार कुछ छिपा रही थी।

राजेंद्र राणा ने शिमला एसपी द्वारा कोर्ट में व्यक्तिगत याचिका दायर करने को असंवैधानिक बताया और सवाल उठाया कि एक पुलिस अधिकारी को यह हिम्मत आखिर किसने दी? उन्होंने पूछा कि क्या यह केवल एक अधिकारी की पहल थी या किसी राजनीतिक दबाव में आकर उन्होंने यह कदम उठाया था। उन्होंने कहा कि एक एसपी इस तरह व्यक्तिगत रूप से अपील नहीं कर सकता।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर एसपी के बचाव में सामने आने और विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को सवाल उठाने का पूरा अधिकार है। अगर सरकार की नीयत साफ होती, तो वह सीबीआई जांच से डरती नहीं। राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश की जनता इस रहस्य को जानना चाहती है कि आखिर मुख्यमंत्री को एक एसपी के बचाव में सामने आने की जरूरत किस लिए पड़ी। मुख्यमंत्री सीबीआई जांच से परेशान क्यों दिख रहे हैं।

राजेंद्र राणा ने साफ किया कि यह लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की न्यायिक चेतना की लड़ाई है। भाजपा तब तक चुप नहीं बैठेगी जब तक सच सामने न आ जाए और दोषियों को सजा न मिल जाए।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।