हमीरपुर ,
हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड ने उपभोक्ता जागरुकता अभियान और प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत शुक्रवार को विद्युत उपमंडल कक्कड़ में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
अधीक्षण अभियंता आशीष कपूर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता नरेंद्र पाल अबरोल, सहायक अभियंता अंकज गुप्ता और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान इन अधिकारियों ने स्थानीय उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों से अवगत करवाया और कई योजनाओं की जानकारी भी दी। इसके अलावा उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निवारण भी किया।
अधीक्षण अभियंता आशीष कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्या घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लोग अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर सकते हैं। लोगों को इस योजना का लाभ उठाना चाहिए।

इस अवसर पर कई उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। बोर्ड के अधिकारियों ने इन जनसमस्याओं के निवारण के लिए त्वरित कदम उठाने की बात कही। कई समस्याओं का मौके पर ही निवारण कर दिया गया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के संबंध में आम लोगों की शंकाओं का भी निवारण किया। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रधान, उपप्रधान, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय उपभोक्ता भी उपस्थित रहे।
-0-
Author: Himachal Samvaad







