विदेश में नौकरी करना चाहते हैं तो 22 नवंबर तक भरें गूगल फार्म

हमीरपुर ।
राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए एक और अवसर प्रदान किया है। एचपीएसईडीसी को भर्ती प्रतिनिधि कंपनी जेएसडीसी ग्रुप ऑफ कंपनीज के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात में रोजगार के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात में भोजन और अन्य खाद्य वस्तुओं की डिलीवरी के लिए बाइक राइडरों की आवश्यकता है। इन पदों के लिए 20 से 37 वर्ष तक के दसवीं पास एवं अंग्रेजी का बेसिक ज्ञान रखने वाले युवा पात्र हैं। अभ्यर्थियों के पास गियर वाली बाइक का ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट होना चाहिए। इन दोनों की वैधता कम से कम एक साल की होनी चाहिए। अभ्यर्थियों के चेहरे या गर्दन पर कोई भी टैटू नहीं होना चाहिए तथा वे कलर-ब्लाइंड नहीं होने चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित युवा 2500 दिरहम मासिक वेतन के अलावा कमीशन और टिप सहित हर माह 70 हजार से एक लाख रुपये तक कमा सकते हैं। उन्हें सप्ताह में 6 दिन सुबह या शाम की शिफ्ट में प्रतिदिन 10 घंटे डयूटी देनी होगी। बाइक चलाते समय पगड़ीधारी युवाओं के लिए भी हैलमेट अनिवार्य होगा।
चयनित उम्मीदवारों को विभिन्न औपचारिकताएं पूर्ण करने हेतु विदेश मंत्रालय द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार 35,400 रुपये का शुल्क अदा करना होगा। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात का ड्राइविंग लाइसेंस शुल्क और अन्य शुल्क भी देने होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 22 नवंबर तक गूगल फार्म forms.gle/F4H9GgWcNnvqUdF76 भरकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।