वायु सेना के लड़ाकू जहाजों से गूंजायमान होगा सुजानपुर का आसमां

सुजानपुर ।

भारतीय वायु सेना पहली बार हिमाचल प्रदेश में एक अदभुत एयर शो करने जा रही है और इस सिविल एयर डिसप्ले के लिए सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के मैदान को चुना गया है। 10 मार्च को होने वाले इस सिविल एयर डिसप्ले के लिए रक्षा मंत्री ने अनुमति प्रदान कर दी है। सुजानपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यह एक अविस्मरणीय अनुभव होगा। क्योंकि, आम तौर पर वायु सेना के इस तरह के सिविल एयर डिसप्ले कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही किए जाते हैं।
सिविल एयर डिसप्ले के लिए वायु सेना और सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के अलावा प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से किए जाने वाले आवश्यक प्रबंधों को लेकर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को यहां मिनी सचिवालय में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक ने इस आयोजन के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।
उपायुक्त ने बताया कि वायु सेना के अधिकारियों ने सुजानपुर के चौगान तथा इसके आस-पास के क्षेत्रों का प्रारंभिक मुआयना कर लिया है और इस पूरे क्षेत्र को सिविल एयर डिसप्ले के लिए काफी उपयुक्त बताया है। यह शो होली के कुछ दिनों बाद ही 10 मार्च को करवाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग वायु सेना के जांबाजों के हैरतअंगेज करतबों का रोमांच अनुभव कर सकें।
गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि इसका उद्देश्य आम लोगों को भारतीय वायु सेना की उपलब्धियों से अवगत करवाना तथा बच्चों को वायु सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है। इसलिए, इस शो में स्कूली बच्चों की अधिक से अधिक उपस्थिति होनी चाहिए। शो के सफल आयोजन के लिए प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य से इन सभी प्रबंधों का विवरण जिला प्रशासन को प्रेषित करने की अपील की।
इस अवसर पर सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि सिविल एयर डिसप्ले में वायु सेना के 11 लड़ाकू विमान भाग लेंगे और यह एक बहुत ही अदभुत शो होगा। उन्होंने जिला प्रशासन से इस शो के लिए सुजानपुर के साथ लगते हमीरपुर, जिला कांगड़ा और मंडी के क्षेत्रों के लोगों, विशेषकर बच्चों को भी आमंत्रित करने का आग्रह किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।